सशक्त नारी, समृद्ध समाज की आधारशिला : कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
बाल विवाह मुक्त नगरीय निकाय व पंचायतों को प्रमाण पत्र प्रदान
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के आतिथ्य में कोरबा नगर के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा बाल विवाह मुक्त पंचायतों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिससे महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व दोनों मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आय के अवसर मिल रहे हैं, वहीं तेंदूपत्ता संग्रहण जैसे कार्यों से भी ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं की आय में वृद्धि हो रही है।
उन्होंने जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को जागरूक बनाकर ही इस कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
महापौर संजू देवी राजपूत ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना तथा महतारी सदन निर्माण जैसी पहलों से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और संस्थागत रूप से सशक्त बनाने में मदद मिल रही है।
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का सम्मान सर्वोपरि माना गया है। नारी को सदैव शक्ति, सृजन और संस्कार का प्रतीक माना गया है और महिलाओं का सम्मान करना हमारी परंपरा और संस्कृति की पहचान है। सरकार की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के अवसर मिल रहे हैं।
नारी सम्मान और सशक्तिकरण से समाज का समग्र विकास : कलेक्टर कुणाल दुदावत
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव उच्च स्थान दिया गया है और समाज के उत्थान में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत जिले की 2,93,859 पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत कोरबा जिले के 297 ग्राम पंचायतों और 3 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया जा रहा है।
जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने हेतु दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की। इस दौरान महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और अन्य महिलाओं को भी योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
बाल विवाह मुक्त नगरीय निकायों व पंचायतों का किया गया सम्मान
मुख्य अतिथि द्वारा नगर पालिका परिषद दीपका, नगर पालिका परिषद कटघोरा और नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही बाल विवाह मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं सहित विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका लाइव प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक देखा।
