ऑफिस या फील्ड में लंबे समय तक बैठकर काम करने वालों में पेट की चर्बी और वजन बढ़ना एक आम समस्या बनती जा रही है। लगातार बैठे रहना, अनियमित खान-पान और जंक फूड की आदतें वजन बढ़ने के प्रमुख कारण मानी जाती हैं।
बायोमेड सेंट्रल (BMC) में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, सेडेंटरी जॉब यानी लंबे समय तक बैठकर काम करने वालों में पेट की चर्बी बढ़ने का खतरा अधिक होता है। हालांकि, अगर रोजमर्रा की दिनचर्या में कुछ हेल्दी आदतें अपनाई जाएं, तो वजन को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है।
हेल्दी स्नैक्स को दें प्राथमिकता
लंबी ड्यूटी के दौरान भूख लगने पर जंक फूड की बजाय नट्स, फल, दही या ओट्स जैसे हेल्दी स्नैक्स का सेवन करें। फिटनेस एक्सपर्ट्स के अनुसार, ये स्नैक्स लंबे समय तक पेट भरा रखते हैं, शुगर क्रेविंग को कम करते हैं और ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल में रखते हैं।
छोटे वर्कआउट्स को बनाएं आदत
ऑफिस में लंबे समय तक काम करने के बीच 10–15 मिनट के छोटे वर्कआउट्स जैसे स्ट्रेचिंग, स्क्वैट्स, हल्की वॉक या कार्डियो एक्सरसाइज करें। इससे मेटाबॉलिज्म तेज होता है और कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है।
पर्याप्त पानी पीना है जरूरी
लंबी शिफ्ट के दौरान पानी पीना अक्सर नजरअंदाज हो जाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से भूख पर नियंत्रण रहता है, मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं। पानी और हर्बल टी दिनभर एनर्जी बनाए रखने में भी मदद करते हैं।
माइंडफुल ईटिंग अपनाएं
कंप्यूटर या मोबाइल के सामने जल्दबाजी में खाना खाने से ओवरईटिंग की संभावना बढ़ जाती है। धीरे-धीरे और ध्यानपूर्वक खाने से शरीर को पेट भरने का सही संकेत मिलता है, जिससे कैलोरी कंट्रोल में रहती है।
नियमित ब्रेक लेना न भूलें
पूरे दिन बैठे रहने से मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। हर 1–2 घंटे में 5 मिनट का ब्रेक लें। इस दौरान खड़े होकर स्ट्रेचिंग या थोड़ी वॉक करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और दिनभर ऊर्जा बनी रहती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से है। इसे डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।
