पीएम-जनमन योजना के तहत कमार जनजाति को मिलेगा घर-घर स्वास्थ्य लाभ
पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी कमार जनजाति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज नरहरपुर विकासखण्ड में निवासरत कमार जनजाति समुदाय के लिए राज्य शासन द्वारा प्रदत्त मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस चलित चिकित्सा वाहन में चिकित्सा अधिकारी, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स एवं कंपाउंडर सहित पूर्ण चिकित्सकीय टीम की तैनाती की गई है। मोबाइल मेडिकल यूनिट में रक्त जांच, आवश्यक दवाइयों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। यह यूनिट कमार जनजाति की बस्तियों में जाकर घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी, जिससे दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने कहा कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों को सुलभ, नियमित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा और बीमारियों की समय पर पहचान संभव हो सकेगी।
मोबाइल मेडिकल यूनिट को रवाना करते समय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, नोडल अधिकारी डॉ. के.के. ध्रुव, डीपीएम श्री रोहित वर्मा सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
पीएम-जनमन योजना का उद्देश्य
उल्लेखनीय है कि ‘पीएम-जनमन’ (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के सामाजिक-आर्थिक विकास को सुनिश्चित करना है। इस योजना के तहत पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं आजीविका के अवसर जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
