प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय चीता दिवस के अवसर पर वन्यजीव संरक्षण के लिए कार्य करने वाले सभी वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षणवादियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तीन वर्ष पूर्व सरकार द्वारा शुरू किया गया प्रोजेक्ट चीता न सिर्फ इस अद्भुत जीव की सुरक्षा का प्रयास है, बल्कि देश की पारिस्थितिक विरासत को पुनर्जीवित करने और जैव विविधता को सुदृढ़ करने की एक महत्वपूर्ण पहल भी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा—
“अंतर्राष्ट्रीय चीता दिवस पर हमारी पृथ्वी के सबसे अद्भुत जीवों में से एक चीता की सुरक्षा के लिए समर्पित सभी वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षणवादियों को मेरी शुभकामनाएं। तीन साल पहले हमारी सरकार ने इस अद्भुत जानवर की सुरक्षा और उसके इकोसिस्टम को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट चीता की शुरुआत की थी, जिसमें यह वास्तव में फल-फूल सके। यह खोई हुई पारिस्थितिक विरासत को पुनर्जीवित करने और हमारी जैव विविधता को मजबूत बनाने का भी प्रयास है।”
प्रधानमंत्री के संदेश ने वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जारी भारत के प्रयासों को एक बार फिर रेखांकित किया है।
