मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले में सुरक्षित सिजेरियन डिलीवरी सुविधा की सफल शुरुआत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आई है। पहले उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को जिला चिकित्सालय राजनांदगांव भेजना पड़ता था, जहाँ तक पहुँचने के लिए उन्हें लंबा और कठिन सफर करना होता था।
अब जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, अत्याधुनिक उपकरणों से लैस प्रसव कक्ष तथा सुव्यवस्थित ऑपरेशन थिएटर के जरिये स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित एवं त्वरित प्रसव सेवाएँ उपलब्ध हो रही हैं। जिले में अब तक 15 सफल सिजेरियन प्रसव संपन्न हो चुके हैं, जिससे मातृ-शिशु स्वास्थ्य को नई मजबूती मिली है।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत एनीमिया, गर्भावस्था-प्रेरित उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड एवं रक्त संबंधी समस्याओं जैसी उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की विशेष निगरानी की जा रही है। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि किसी भी समय गर्भवती महिलाओं को त्वरित उपचार मिल सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त निर्बाध एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में 1 दिसम्बर 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में एक सफल सिजेरियन डिलीवरी के साथ ही 16 महिलाओं की नसबंदी सर्जरी भी संपन्न की गई।
यह उपलब्धि जिले की समर्पित स्वास्थ्य टीम की दक्षता, तत्परता और सेवाभाव का प्रमाण है।
