मेटा के स्वामित्व वाला मैसेजिंग ऐप WhatsApp अपने यूजर्स के लिए लगातार नए फीचर्स पेश करता रहता है। अब कंपनी बच्चों और किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक WhatsApp एक नए फीचर ‘Secondary Account’ की टेस्टिंग कर रहा है, जिसके जरिए माता-पिता अपने बच्चों के अकाउंट की प्राइवेसी और सेटिंग्स को नियंत्रित कर सकेंगे।
WhatsApp फीचर ट्रैकर WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, यह सिस्टम 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए तैयार किया जा रहा है। फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और Android बीटा वर्जन में कुछ क्षेत्रों में दिख सकता है।
क्या है Secondary Account?
Secondary Account बच्चों और किशोरों के लिए बनाया गया एक विशेष अकाउंट होगा, जिसे एक Primary Account से जोड़ा जाएगा। यह प्राइमरी अकाउंट माता-पिता या अभिभावक का होगा। दोनों अकाउंट एक विशेष लिंक के जरिए आपस में कनेक्ट रहेंगे।
पैरेंट्स को मिलेंगे ये कंट्रोल
रिपोर्ट के मुताबिक, प्राइमरी अकाउंट के जरिए माता-पिता बच्चे के अकाउंट की कई अहम प्राइवेसी सेटिंग्स को नियंत्रित कर सकेंगे। इसमें शामिल हैं—
- प्रोफाइल फोटो कौन देख सकता है
- Last Seen और “About” की विजिबिलिटी
- ब्लू टिक (Read Receipts) ऑन या ऑफ
- बच्चे को कौन ग्रुप में ऐड कर सकता है
हालांकि, WhatsApp यूजर की प्राइवेसी बनाए रखने के लिए माता-पिता को बच्चे की चैट लिस्ट, मैसेज, कॉल लॉग या बातचीत देखने की अनुमति नहीं देगा। केवल कुछ जरूरी एक्टिविटी अपडेट ही दिखाई देंगे।
यह नया फीचर बच्चों के लिए WhatsApp को पहले से ज्यादा सुरक्षित और पेरेंट-फ्रेंडली बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
