Viral News : फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी समारोह के दौरान पालतू कुत्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। इस घटना में चार लोग घायल हो गए और आखिरकार दोनों पक्षों ने शादी तोड़ने का फैसला कर लिया।
वरमाला के बाद बढ़ा विवाद
घटना खागा क्षेत्र के कैनाल स्थित एक मैरिज हॉल की बताई जा रही है। 19 फरवरी की रात यहां विवाह समारोह चल रहा था। रात करीब तीन बजे वरमाला की रस्म पूरी होने के बाद वैवाहिक कार्यक्रम की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान कन्या पक्ष के साथ आया पालतू कुत्ता मंडप के पास पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि कुत्ते को हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ लोगों को खुद को बचाने के लिए कमरों में बंद होना पड़ा।
मारपीट में चार घायल
दोनों ओर से हुई हाथापाई में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और महिलाएं बचाव के लिए चिल्लाती रहीं। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी रमेश पटेल के अनुसार, कुत्ते को लेकर वर और वधू पक्ष में विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया।
आपसी समझौते से टूटी शादी
मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाह न करने का निर्णय लिया। गुरुवार को दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को दिए गए उपहार और आभूषण भी वापस कर दिए।
