Team India T20 World Cup 2026 Winner Photos: अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।

जीत के साथ ही मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों का जश्न देखने लायक था। खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाई, डांस किया और पूरे स्टेडियम में उत्सव का माहौल बन गया।

मैदान पर शुरू हुआ डांस और भांगड़ा
खिताब जीतते ही भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर ही जोरदार जश्न मनाया। अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह और ईशान किशन ने भांगड़ा और डांस कर जीत की खुशी जाहिर की। उनके डांस मूव्स ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया और माहौल और भी उत्साह से भर गया।

वहीं हार्दिक पांड्या भी अपने खास अंदाज में डांस करते नजर आए, जिससे टीम का जश्न और भी खास बन गया।

ट्रॉफी के साथ खिलाड़ियों की खास तस्वीरें
जीत के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ कई यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और ईशान किशन समेत कई खिलाड़ियों ने स्टेडियम में पोज देते हुए अपनी खुशी जाहिर की।

इस दौरान खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ सेल्फी लेते और दर्शकों का अभिवादन करते नजर आए।
संजू सैमसन बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने फाइनल में 89 रन की अहम पारी खेली। इसके अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन की शानदार पारी भी खेली थी।

पूर्व दिग्गजों ने भी मनाया जश्न
फाइनल मुकाबले से पहले एमएस धोनी और रोहित शर्मा ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी मैदान में लाकर समारोह की शुरुआत की। वहीं मैच के बाद भारतीय टीम के जश्न में पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर भी शामिल हुए और खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

लगातार दूसरी बार चैंपियन बना भारत
इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले टीम इंडिया 2007 और 2024 में यह ट्रॉफी जीत चुकी थी।

