नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक, Saina Nehwal और पारुपल्ली कश्यप ने शादी के सात साल बाद अपने रास्ते अलग करने का फैसला किया है। इस खबर ने खेल जगत और उनके प्रशंसकों को गहरा झटका दिया है, क्योंकि इस रिश्ते में अब तक किसी तनाव या विवाद की खबर सामने नहीं आई थी।

साइना ने इंस्टाग्राम पर की पुष्टि
सोशल मीडिया पर एक भावुक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए साइना ने तलाक की खबर की पुष्टि की। उन्होंने लिखा “कभी-कभी जिंदगी हमें अलग दिशाओं में ले जाती है। मैंने और पारुपल्ली ने काफी सोच-समझकर अलग होने का फैसला किया है। हम दोनों एक-दूसरे के लिए सुकून और तरक्की चुन रहे हैं। मैं इन यादों के लिए आभारी हूं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं।”

लंबा रिलेशनशिप, फिर सात साल की शादी
साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की मुलाकात बैडमिंटन कोर्ट पर हुई थी, और यही दोस्ती धीरे-धीरे एक खूबसूरत रिश्ते में बदली। दोनों ने दिसंबर 2018 में शादी की थी। शादी से पहले दोनों ने कई वर्षों तक एक-दूसरे को डेट किया और खेल जगत में एक “पावर कपल” के रूप में लोकप्रियता हासिल की।

पारुपल्ली कश्यप: एक सफल करियर
पारुपल्ली कश्यप का बैडमिंटन करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स (ग्लासगो) में पुरुष सिंगल्स में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को 32 साल बाद यह गौरव दिलाया था। उन्होंने भारत की ओर से कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में हिस्सा लिया और देश को सम्मान दिलाया।
फैंस को नहीं थी उम्मीद
इस घोषणा ने फैंस को पूरी तरह चौंका दिया। साइना और कश्यप की जोड़ी को हमेशा एक आदर्श दंपती की तरह देखा गया, जो मैदान में भी साथ होते और मैदान के बाहर भी। सोशल मीडिया पर हमेशा उनकी बॉन्डिंग और साथ बिताए लम्हों की तस्वीरें वायरल होती थीं।