न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा के बाद अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम एक बार फिर चर्चा में है। टीम में जगह न मिलने पर अब पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने चयन समिति के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। पठान का कहना है कि 450 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले गेंदबाज को इस तरह बाहर रखना समझ से परे है।
इरफान पठान ने शमी का किया खुलकर समर्थन
अपने यूट्यूब चैनल पर इरफान पठान ने शमी के समर्थन में कहा कि उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठाना चौंकाने वाला है। उन्होंने कहा,
“शमी कोई नए खिलाड़ी नहीं हैं। उनके खाते में 450–500 अंतरराष्ट्रीय विकेट हैं। इतने बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी की फिटनेस पर सवाल उठना दुखद है। क्रिकेट में खुद को साबित करना पड़ता है, लेकिन शमी की काबिलियत पर शक करना जायज नहीं है।”
फिटनेस के तर्क पर चयनकर्ताओं को घेरा
चयन समिति द्वारा शमी की फिटनेस को लेकर दिए जा रहे तर्कों पर पठान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा,
“शमी चोट से वापसी के बाद घरेलू क्रिकेट में करीब 200 ओवर गेंदबाजी कर चुके हैं। अगर कोई गेंदबाज 200 ओवर फेंक रहा है, तो इसका मतलब है कि वह फिट है। इसके बाद और किस तरह का सुधार चाहिए, यह केवल चयन समिति ही बता सकती है।”
गौरतलब है कि शमी ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था और अपनी लय का संकेत दिया था।
चैंपियंस ट्रॉफी के हीरो को लगातार नजरअंदाज
मोहम्मद शमी 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का अहम हिस्सा थे। इसके बावजूद उसके बाद से उन्हें लगातार टीम से बाहर रखा गया है। इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में भी उन्हें मौका नहीं मिला। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उनका नाम न होना क्रिकेट जगत में सवाल खड़े कर रहा है।
आगे की राह पर टिकी निगाहें
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी, जिसके बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या मोहम्मद शमी आईपीएल में दमदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को अपने जवाब देंगे और टीम इंडिया में वापसी का रास्ता बनाएंगे।
