Sarfaraz Khan: मुंबई। टीम इंडिया से लंबे समय से बाहर चल रहे सरफराज खान ने एक बार फिर अपने बल्ले से चयनकर्ताओं को सोचने पर मजबूर कर दिया है। घरेलू क्रिकेट में मुंबई के इस धाकड़ बल्लेबाज ने रणजी ट्रॉफी में शानदार दोहरा शतक जड़ते हुए अपनी बेहतरीन फॉर्म का दमदार प्रदर्शन किया।
मुंबई और हैदराबाद के बीच राजीव गांधी स्टेडियम में खेले जा रहे एलीट ग्रुप-डी मुकाबले में सरफराज खान ने दूसरे दिन ही अपना पांचवां फर्स्ट क्लास दोहरा शतक पूरा कर लिया। पहले दिन नाबाद 142 रन बनाकर लौटे सरफराज ने अगले दिन आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और महज 206 गेंदों में डबल सेंचुरी पूरी कर डाली।
कप्तान लाड के साथ बड़ी साझेदारी
पहली पारी में सरफराज ने मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 249 रन की विशाल साझेदारी की। लाड ने भी शानदार शतक लगाते हुए 104 रन बनाए। इस साझेदारी ने मुंबई की पारी को मजबूत आधार दिया।

सिराज समेत गेंदबाजों की जमकर पिटाई
सरफराज ने हैदराबाद के कप्तान और भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज सहित सभी गेंदबाजों पर आक्रामक रुख अपनाया। उनकी पारी में चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिली।
227 रन की विस्फोटक पारी
अंततः सरफराज खान 219 गेंदों पर 227 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस यादगार पारी में 19 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। सरफराज के आउट होने तक मुंबई का स्कोर 488 रन तक पहुंच चुका था, जिससे टीम ने मैच में मजबूत पकड़ बना ली।

लगातार रन, फिर भी अनदेखी
यह सरफराज खान के फर्स्ट क्लास करियर का पांचवां दोहरा शतक है, जो उन्होंने महज 61 मैचों में हासिल किया है। पिछले कुछ समय में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और अब रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया में जगह न मिलना लगातार बहस का विषय बना हुआ है।
