K. Lalremruta Passes Away: नई दिल्ली। मिजोरम क्रिकेट से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रणजी ट्रॉफी में मिजोरम का प्रतिनिधित्व कर चुके क्रिकेटर के. लालरेमरुता का बुधवार को मैच के दौरान निधन हो गया। यह हादसा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ मिजोरम द्वारा आयोजित खालिद मेमोरियल द्वितीय डिवीजन स्क्रीनिंग टूर्नामेंट के दौरान हुआ, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया।
मैदान पर अचानक बिगड़ी तबीयत
घटना गुरुवार सुबह सिहमुई स्थित सुआका क्रिकेट ग्राउंड की है, जहां के. लालरेमरुता वीआरसीसी टीम की ओर से बल्लेबाजी कर रहे थे। आईएलएमओवी क्रिकेट क्लब के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजी समाप्त करने के बाद उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। कुछ ही देर में वह मैदान पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। साथी खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता के लिए ले जाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
BCCI और मिजोरम क्रिकेट एसोसिएशन ने जताया दुख
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शोक संदेश जारी करते हुए लिखा, “मिजोरम के क्रिकेटर के. लालरेमरुता के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मिजोरम का प्रतिनिधित्व किया। BCCI उनके परिवार, मित्रों और मिजोरम क्रिकेट समुदाय के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है।”

वहीं, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ मिजोरम ने अपने बयान में बताया कि मैच के दौरान लालरेमरुता को स्ट्रोक आया था। एसोसिएशन ने इसे मिजोरम क्रिकेट के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई।
संक्षिप्त क्रिकेट करियर, लेकिन गहरी पहचान
के. लालरेमरुता ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में रणजी ट्रॉफी के 2 मैच खेले, जबकि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 7 मुकाबलों में मिजोरम का प्रतिनिधित्व किया। विकेटकीपर-बल्लेबाज लालरेमरुता ने 2018 में मेघालय के खिलाफ फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था और 2022 में नागालैंड के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला खेला था। वे स्थानीय स्तर पर कई क्लबों के लिए भी सक्रिय रहे।
सभी मैच रद्द, बदला जाएगा शेड्यूल
इस दुखद घटना के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ मिजोरम ने गुरुवार को होने वाले सभी मैच रद्द कर दिए। इसमें सेकंड डिवीजन, थर्ड डिवीजन और इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के मुकाबले शामिल हैं। एसोसिएशन ने कहा है कि सभी मैच नए शेड्यूल के तहत बाद में कराए जाएंगे।
