धरसीवां। धरसीवां खड़ अंतर्गत ग्राम खौना में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में ग्राम के युवाओं ने संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और बड़ी संख्या में सदस्यता ग्रहण की।
अभियान के दौरान ग्राम खौना से 25 युवाओं ने औपचारिक रूप से संगठन की सदस्यता ली। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़िया समाज पर हो रहे शोषण के विरुद्ध संगठित होकर संघर्ष की आवाज को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी छत्तीसगढ़ में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है। पदाधिकारियों ने दावा किया कि यह संगठन निस्वार्थ भाव से छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़िया और छत्तीसगढ़ियावाद की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे हो जाने के बावजूद अपेक्षित सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक सुधार आज तक पूरी तरह साकार नहीं हो सके हैं। इसी कारण संगठन जनजागरूकता, संगठनात्मक मजबूती और लोकतांत्रिक संघर्ष के माध्यम से जनता के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला स्तर और खड़ स्तर के पदाधिकारी, साथ ही आसपास के क्षेत्रों से आए संगठन के सेनानीगण उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर छत्तीसगढ़िया अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि सदस्यता अभियान रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में लगातार जारी है। वर्तमान में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव जेल में हैं, इसके बावजूद संगठन ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ियावाद की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान निरंतर जारी है और यह किसी भी परिस्थिति में रुकने वाला नहीं है।
