रायपुर, 29 सितम्बर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। इसी कड़ी में उन्होंने जिलेवासियों को एक और बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री की घोषणा अनुरूप जिले के बागबहार में विश्राम गृह भवन के निर्माण कार्य के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस कार्य के लिए 1 करोड़ 65 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि फरसाबहार में भी विश्राम गृह निर्माण हेतु 1 करोड़ 72 लाख रुपए की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। बागबहार क्षेत्र में लंबे समय से विश्राम गृह की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसके निर्माण से आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी, साथ ही विभिन्न सरकारी-अर्धसरकारी कार्यक्रमों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने की भी उत्तम व्यवस्था उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में लगातार सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी कड़ी में बागबहार को यह सौगात मिली है, जो क्षेत्र के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बागबहार में विश्राम गृह बनने से क्षेत्र का गौरव बढ़ेगा और स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही सुविधा की कमी पूरी होगी।
घोषणाओं पर हो रहा है तत्काल अमल
यह उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा की गई घोषणाओं पर तत्काल अमल हो रहा है। यही कारण है कि जिले में एक के बाद एक विकास कार्यों को मंजूरी मिल रही है और आमजन सीधे तौर पर इसका लाभ उठा रहे हैं।