खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत बेरोजगार युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। बोर्ड द्वारा युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु मार्गदर्शन और लाभान्वित करने की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के लिए आवेदन ऑफलाइन स्वीकार किए जाते हैं। योजना में सेवा क्षेत्र के लिए 1 लाख रुपये तक तथा निर्माण क्षेत्र के लिए 3 लाख रुपये तक के प्रोजेक्ट प्रस्ताव स्वीकृत किए जाते हैं।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के लिए आवेदन ऑनलाइन (kviconline.gov.in/PMEGP) के माध्यम से किए जाते हैं। इसमें सेवा क्षेत्र में 1 लाख से 20 लाख रुपये तक तथा निर्माण क्षेत्र में 1 लाख से 50 लाख रुपये तक के प्रोजेक्ट स्वीकार होते हैं। विभाग और बैंक के संयुक्त समन्वय से पात्र आवेदकों को 35 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ प्रदान किया जाता है।
प्रोजेक्टों में सेवा क्षेत्र के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स सर्विस, मोटरसाइकिल रिपेयरिंग, कंप्यूटर एवं फोटोकॉपी सेंटर, रेस्टोरेंट आदि शामिल हैं, जबकि निर्माण क्षेत्र में फर्नीचर निर्माण, नूडल्स निर्माण, राइस मिल, फ्लाई ऐश ब्रिक्स जैसी इकाइयां सम्मिलित हैं।
आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों में पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र, नाडकसीट, राशन कार्ड, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा बैंक पासबुक अनिवार्य हैं।
