विकासखंड मोहला के ग्राम मार्री निवासी दिव्यांग श्री जीवन लाल परतेती को आज जिला प्रशासन से बड़ी राहत मिली। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने उन्हें ट्राइसाइकिल और वॉकर प्रदान किया, जिसके बाद उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी।
श्री जीवन लाल कई वर्षों से गंभीर चलने-फिरने की समस्या से जूझ रहे थे और केवल एक लकड़ी के सहारे चलते थे। थोड़ी दूरी तय करना भी उनके लिए दर्द और परेशानी से भरा था। अपनी व्यथा लेकर उन्होंने समाज कल्याण विभाग में आवेदन दिया था।
उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने दिव्यांगजनों हेतु सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत तत्काल कार्रवाई की। आज जिला कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने स्वयं उपकरण सौंपे और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
उपकरण पाकर श्री जीवन लाल ने शासन एवं जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि यह सहायता उनके जीवन में नई उम्मीद और राहत लेकर आई है। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग से श्री अखिलेश तिवारी उपस्थित रहे।
