छत्तीसगढ़ महिला कोष द्वारा संचालित ‘सक्षम योजना’ आर्थिक रूप से कमजोर, विधवा और एकल महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की मजबूत मिसाल बनकर सामने आई है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर उन्हें सम्मानजनक जीवन और स्थायी आजीविका का अवसर प्रदान करना है।
इसी क्रम में मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम धरदेई निवासी रेखा ठाकुर को सक्षम योजना का लाभ मिला, जिसने उनके जीवन की दिशा बदल दी। सीमित आय और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण उनका जीवन लंबे समय से संघर्षों से भरा हुआ था। रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी कठिन हो गया था, जिससे मानसिक तनाव लगातार बढ़ रहा था।
सक्षम योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से रेखा ठाकुर ने सिलाई मशीन खरीदी और स्वरोजगार की शुरुआत की। इस पहल से उन्हें नियमित आय का साधन मिला और धीरे-धीरे आर्थिक स्थिति में सुधार आने लगा। परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति अब सहज रूप से होने लगी है।
इस योजना ने केवल आर्थिक मजबूती ही नहीं दी, बल्कि रेखा ठाकुर में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान की भावना भी विकसित की। आज वे अपने फैसले स्वयं ले रही हैं और परिवार की जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा रही हैं। गांव और समाज में उनकी पहचान एक आत्मनिर्भर और सशक्त महिला के रूप में स्थापित हुई है।
छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रही है। यह योजना न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी दे रही है।
