एमसीबी : बरबसपुर विद्यालय परिसर में विवाह आयोजन, प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस
शासकीय प्राथमिक शाला बरबसपुर, संकुल बरबसपुर के परिसर में विवाह समारोह आयोजित किए जाने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए प्रधान पाठक रधुनाथ प्रसाद को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मीडिया में प्रकाशित जानकारी के अनुसार 26 नवम्बर 2025, गुरुवार को विद्यालय प्रांगण में विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के बाद परिसर में भारी मात्रा में कचरा और डिस्पोज़ल सामग्री फैली मिली, जिसकी सफाई की कोई समुचित व्यवस्था आयोजकों द्वारा नहीं की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश में पूछा है कि इस आयोजन की अनुमति किस अधिकारी से ली गई थी या प्रधान पाठक ने स्वयं स्वीकृति प्रदान की थी। साथ ही प्रधान पाठक को दो दिनों के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय में जवाब न देने या जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर प्रधान पाठक के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूर्ण जवाबदेही उन्हीं की होगी।
प्रशासन ने इस घटना को शिक्षण संस्थान के नियमों की गंभीर अवहेलना मानते हुए कड़ाई से संज्ञान में लिया है।
