Raipur : रायपुर। रायपुर में राष्ट्र संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर आयोजित निर्मल दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता ही सच्ची पूजा है” का उनका विचार आज भी समाज को नई दिशा दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा के विचारों से प्रेरित होकर ही देश में स्वच्छता के प्रति जनजागरण अभियान को मजबूती मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 2014 में शुरू हुआ यह अभियान आज जनआंदोलन बन चुका है और समाज में स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बना चुका है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वच्छता अभियान ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को मजबूत किया है। शौचालय निर्माण और स्वच्छता सुविधाओं के विस्तार से महिलाओं और बच्चों को बेहतर वातावरण मिला है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से गरीब वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि देश आर्थिक और सामाजिक रूप से तेजी से विकास कर रहा है और भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी लक्ष्य के साथ राज्य के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि एक संस्कारित और सफल जीवन की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी आरती तथा स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और समाज के सम्मानित व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ सहित संत गाडगे बाबा के वंशज और छत्तीसगढ़ रजक समाज के कई पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
