रायपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर इस वर्ष रायपुर शहर में भव्य और ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। बाबा साहेब आम्बेडकर सार्वजनिक समारोह समिति 2026 के तत्वावधान में आयोजित बैठक में जयंती समारोह की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में रायपुर के बुद्ध विहार के समाज के लोग व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता और बुद्ध विहारों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समिति के अध्यक्ष संजय गजघाटे ने बैठक में कहा कि इस वर्ष जयंती पर हर साल की तरह भव्य कार्यक्रम का आयोजनरखा गया , लेकिन इसे और अधिक प्रभावशाली और संगठित बनाने पर विशेष जोर रहेगा। संजय गजघाटे ने बताया कि रैली शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकलकर तय समय अनुसार दोपहर 2 बजे तक भीमराव अंबेडकर चौक (घड़ी चौक) पर एकत्रित होगी, जहां मुख्य कार्यक्रम और डॉ. आंबेडकर की नई प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा।
संजय गजघाटे ने इस अवसर पर कहा कि यह नई प्रतिमा समाज के लिए गर्व का विषय है और इसका लोकार्पण ऐतिहासिक क्षण होगा। उन्होंने सभी संगठनों और समूहों से आग्रह किया कि वे तय समय पर रैली में शामिल होकर अपनी एकजुटता और सहभागिता का परिचय दें।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि जिस स्थल पर नई प्रतिमा स्थापित की जानी है, वहां पिछले कुछ दिनों से कार्य प्रभावित रहा है। संजय गजघाटे ने इस मुद्दे पर जोर देते हुए संबंधित जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित करने और कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।
संजय गजघाटे ने बताया कि इस वर्ष के जयंती समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी, सामाजिक जागरूकता अभियान और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उनका कहना है कि यह आयोजन केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बाबा साहेब के शिक्षा, समानता और अधिकार के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास है।
संजय गजघाटे ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और सामाजिक एकता, जागरूकता तथा संगठन की शक्ति का परिचय दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रैली के दौरान शासन-प्रशासन भी अपनी भागीदारी और दल बल के माध्यम से उपस्थित रहेंगे, जिससे समाज अपनी मांगें और सुझाव मजबूती से शासन-प्रशासन के समक्ष रख सके।
इस बार की जयंती ऐतिहासिक बनने जा रही है और संजय गजघाटे के मार्गदर्शन में सभी तैयारी अंतिम चरण में हैं। पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और सभी वर्ग इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए तैयार हैं।
