Raipur- Amit Baghel : रायपुर। बलौदाबाजार आगजनी और हिंसा मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बुधवार को छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल को गिरफ्तार कर रायपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर बलौदाबाजार लाया गया। वहां उन्हें सीधे कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस रिमांड और पूछताछ
कोर्ट ने पुलिस की 2 दिन की रिमांड की मांग मंजूर कर दी है। अब अमित बघेल दो दिन के लिए पुलिस हिरासत में रहेंगे। इस दौरान पुलिस हिंसा और आगजनी की साजिश, उनके रोल और अन्य आरोपियों से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से पूछताछ करेगी।
पूर्व गिरफ्तारी और जांच का दायरा
बलौदाबाजार हिंसा मामले में पहले ही छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव और जोहर पार्टी के सचिव दिनेश वर्मा को गिरफ्तार किया जा चुका है। सूत्रों के अनुसार, आगामी दिनों में और भी बड़े नामों की गिरफ्तारी हो सकती है। अब तक कुल 198 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मामले की जांच और विवेचना लगातार जारी है।
