PM Modi Meeting With Chief Ministers: नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक की। करीब सवा दो घंटे चली इस बैठक में PM मोदी ने साफ कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में देश को ‘टीम इंडिया’ की भावना से मिलकर काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्थिति में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा।
PM Modi Meeting With Chief Ministers: आर्थिक स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा पर जोर
प्रधानमंत्री ने बैठक में जोर देकर कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं आर्थिक और व्यापारिक स्थिरता बनाए रखना, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना, नागरिकों के हितों की रक्षा करना और उद्योग तथा सप्लाई चेन को मजबूत रखना है। उन्होंने राज्यों से अपील की कि वे जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर सख्त नजर रखें तथा सप्लाई चेन सुचारू बनाए रखें।
PM Modi Meeting With Chief Ministers: कृषि क्षेत्र में एडवांस प्लानिंग की जरूरत
PM मोदी ने कृषि क्षेत्र में खासतौर पर उर्वरक भंडारण और वितरण की मॉनिटरिंग के लिए एडवांस प्लानिंग पर बल दिया। उन्होंने सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय व्यवस्था बनाने और बदलते हालात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने की जरूरत पर जोर दिया। तटीय और बॉर्डर वाले राज्यों को शिपिंग, जरूरी आपूर्ति और समुद्री संचालन से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।
PM Modi Meeting With Chief Ministers: अफवाहों से बचें, सही जानकारी फैलाएं
प्रधानमंत्री ने अफवाहें फैलाने से सख्ती से बचने और सही तथा भरोसेमंद जानकारी ही प्रसारित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया के रूप में मिलकर काम करते हुए हम इस संकट से जरूर उबरेंगे।
PM Modi Meeting With Chief Ministers: मुख्यमंत्रियों ने किया केंद्र के कदमों का स्वागत
बैठक में मुख्यमंत्रियों ने पश्चिम एशिया संकट से निपटने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के फैसले का स्वागत किया। मुख्यमंत्रियों ने भरोसा जताया कि उनके राज्यों में पेट्रोल, डीजल और LPG की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और उन्होंने केंद्र के साथ मिलकर काम करने की पूरी प्रतिबद्धता दोहराई।
PM Modi Meeting With Chief Ministers: बैठक में शामिल प्रमुख नेता
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अलावा कई मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया, जिनमें चंद्रबाबू नायडू, विष्णु देव साय, रेवंत रेड्डी, योगी आदित्यनाथ, उमर अब्दुल्ला, भगवंत मान, मोहन यादव, हेमंत सोरेन, पुष्कर सिंह धामी, भूपेंद्र पटेल, देवेंद्र फड़णवीस और मोहन चरण मांझी शामिल थे। उन राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल नहीं हुए जहां आचार संहिता लागू है।
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया का संकट न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए आर्थिक, सुरक्षा और मानवीय चुनौतियां पैदा कर रहा है। केंद्र सरकार ने हाल ही में पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती का फैसला लिया है, जिससे ईंधन की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन कंपनियां बढ़ी हुई लागत को संभाल सकेंगी।
