पहलगाम आतंकी हमला: रायपुर के व्यापारी दिनेश मिरानिया को दी गई अंतिम विदाई, CM साय ने दिया कंधा
रायपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हमले में 26 पर्यटकों की जान गई, जिनमें छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रख्यात व्यापारी दिनेश मिरानिया भी शामिल थे। आतंकवादियों ने उन्हें गोली मार दी थी।

उनकी शहादत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
मिरानिया का पार्थिव शरीर बुधवार देर शाम रायपुर लाया गया। गुरुवार को उनके निवास से मारवाड़ी श्मशान घाट तक अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अर्थी को कंधा दिया और नम आंखों से विदाई दी। उनके साथ अन्य नेता और बड़ी संख्या में नागरिक भी मौजूद थे।
परिजनों से मिले नेता, हर संभव सहायता का आश्वासन
मुख्यमंत्री साय ने मिरानिया के बड़े भाई भोपाल अग्रवाल से भेंट कर शोक संवेदना प्रकट की। नेताओं ने परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। इस हृदयविदारक घटना ने रायपुर सहित पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है।
