प्रयागराज: कहते हैं—“करत-करत अभ्यास के जड़मति होत सुजान।” UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में टॉप कर प्रयागराज की शक्ति दुबे ने इसे सही साबित कर दिखाया है। दो बार असफलता के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर इतिहास रच दिया।
बचपन से मेधावी रहीं शक्ति
शक्ति दुबे की शुरुआती शिक्षा एसएमसी घूरपुर से हुई। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीएससी में गोल्ड मेडल प्राप्त किया और फिर 2018 में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) से बायोकैमिस्ट्री में एमएससी करते हुए एक बार फिर गोल्ड मेडल हासिल किया।
कोरोना काल के चलते वे दिल्ली जाकर कोचिंग नहीं कर सकीं। लेकिन हार नहीं मानी—प्रयागराज में रहकर उन्होंने परीक्षा की तैयारी जारी रखी। समय-समय पर वे दिल्ली जाकर मार्गदर्शन लेती रहीं।
पुलिस अधिकारी की बेटी हैं शक्ति दुबे
शक्ति दुबे के पिता, देवेंद्र द्विवेदी, प्रयागराज में पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और मूल रूप से बलिया जिले के निवासी हैं। बेटी की सफलता पर उन्होंने कहा कि शक्ति की नियमित पढ़ाई, मेहनत और बचपन से तीव्र बुद्धि ही इस सफलता की असली कुंजी हैं।
परिवार से मिला भरपूर सहयोग
शक्ति की जुड़वा बहन प्रगति दुबे भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं, जबकि उनका छोटा भाई आशुतोष दुबे MCA कर रहा है। शक्ति की मां प्रेरणा दुबे का मानना है कि यह उपलब्धि बेटी की कड़ी मेहनत और भगवान के आशीर्वाद का परिणाम है।
टॉपर्स की सूची में शामिल ये नाम
- शक्ति दुबे (AIR 1)
- हर्षिता गोयल (AIR 2)
- डोंगरे अर्चित पराग (AIR 3)
- शाह मार्गी चिराग, आकाश गर्ग, कोमल पुनिया – चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर
- आयुषी बंसल, राज कृष्ण झा, आदित्य विक्रम अग्रवाल, मयंक त्रिपाठी – टॉप-10 में शामिल
शक्ति दुबे की कहानी आज लाखों युवाओं को न सिर्फ प्रेरित कर रही है, बल्कि यह भी दिखा रही है कि मेहनत, धैर्य और समर्पण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।