सिक्किम बारिश-भूस्खलन: 1000 से अधिक पर्यटक फंसे, उत्तरी सिक्किम के लिए ट्रैवल परमिट रद्द
गंगटोक। उत्तरी सिक्किम में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने हालात को चिंताजनक बना दिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, करीब 1,000 से अधिक पर्यटक विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। चुंगथांग गुरुद्वारा और ITBP कैंप में लगभग 200 पर्यटक अपने वाहनों सहित फंसे हैं, वहीं लाचुंग में भी 1000 के करीब पर्यटक कठिनाई का सामना कर रहे हैं।
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग बुरी तरह बाधित हुआ है। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तरी सिक्किम के लिए सभी ट्रैवल परमिट तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं।
ट्रैवल एडवाइजरी और सख्त निर्देश
मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। टूर ऑपरेटरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी पर्यटक को उत्तरी सिक्किम न भेजें। मंगन जिले के पुलिस अधीक्षक सोनम देचू भूटिया ने बताया कि लाचेन-चुंगथांग मार्ग पर मुंशीथांग और लाचुंग-चुंगथांग मार्ग पर लेमा/बॉब क्षेत्र में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है।
राहत और बचाव कार्य जारी
स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत टीमें प्रभावित क्षेत्रों में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के प्रयासों में जुटी हुई हैं। मौसम की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सड़क मार्ग बहाल करने और राहत पहुंचाने के लिए कार्य तेज़ी से चल रहा है।
पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने सभी पर्यटकों और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे मौसम की चेतावनियों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। अगले कुछ दिनों तक बारिश और भूस्खलन की आशंका बनी रह सकती है, ऐसे में सतर्क रहना बेहद ज़रूरी है।