पंजाब की भगवंत मान सरकार में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार हुआ है। लुधियाना पश्चिम से नवनिर्वाचित आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक संजीव अरोड़ा को कैबिनेट में शामिल करते हुए उद्योग विभाग और एनआरआई मामलों का प्रभार सौंपा गया है।
इससे पहले एनआरआई मामलों का जिम्मा संभाल रहे मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है और पार्टी के साथ बने रहेंगे।
धालीवाल ने कहा, “मेरे लिए पंजाब सबसे पहले है। मुझे बताया गया कि किसी और को मौका दिया जाएगा, तो मैंने खुशी-खुशी इस्तीफा दे दिया। पद मेरे लिए मायने नहीं रखता।”
उद्योग विभाग अब संजीव अरोड़ा के पास रहेगा, जबकि पहले यह जिम्मेदारी तरुणप्रीत सिंह सोंद के पास थी। वे अब भी ग्रामीण विकास, श्रम और पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राजभवन में संजीव अरोड़ा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह शपथ ग्रहण समारोह मात्र छह मिनट का रहा, जिसकी शुरुआत और समापन राष्ट्रगान से हुआ।
समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान, उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर मान, कई मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
धालीवाल के इस्तीफे के बाद अब भगवंत मान मंत्रिमंडल में कुल 16 मंत्री हैं। दो पद अभी भी खाली हैं। यह पंजाब सरकार के तीन साल के कार्यकाल में सातवां मंत्रिमंडलीय विस्तार है।
संजीव अरोड़ा के शामिल होने से सरकार को उद्योग और प्रवासी मामलों में नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।