मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हवाई यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। राजा भोज एयरपोर्ट से जल्द ही दिल्ली और बेंगलुरू के लिए रेड आई फ्लाइट शुरू होने जा रही हैं। अगस्त से रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच ये उड़ानें संचालित होंगी, जिनके जरिए यात्री किफायती दरों पर बड़े शहरों तक यात्रा कर सकेंगे।
अब तक सिर्फ पुणे के लिए थी नाइट फ्लाइट
फिलहाल, भोपाल से सिर्फ इंडिगो की एकमात्र नाइट फ्लाइट पुणे के लिए है। लेकिन अब इसी श्रृंखला में दिल्ली और बेंगलुरू को भी जोड़ा जा रहा है। इंडिगो के अलावा एअर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करने की योजना बना रही है।
कम किराए में मिलेंगी उड़ान सेवाएं
भोपाल से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरू जैसे शहरों के लिए यात्रियों की मांग हमेशा से रही है। ऐसे में रात के समय उड़ानें मिलने से यात्रियों को कम किराए में टिकट मिल सकेगा और दिन का समय भी बचेगा।
क्या होती है ‘रेड आई फ्लाइट’?
रेड आई फ्लाइट्स वे उड़ानें होती हैं जो रात 9 बजे के बाद उड़ान भरती हैं और सुबह 5 से 6 बजे के बीच अपने गंतव्य तक पहुंचती हैं। इनका नाम ‘रेड आई’ यात्रियों की नींद पूरी न होने की वजह से आंखें लाल हो जाने से पड़ा है।
भोपाल एयरपोर्ट से शुरू होने वाली इन नई उड़ानों से ना सिर्फ यात्री सस्ते में यात्रा कर सकेंगे, बल्कि राजधानी की हवाई कनेक्टिविटी भी और बेहतर होगी।