जम्मू/श्रीनगर: भारत की कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के इतिहास में 6 जून 2025 एक ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर में दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। यह पुल न केवल इंजीनियरिंग का अद्भुत उदाहरण है, बल्कि कश्मीर घाटी को शेष भारत से जोड़ने वाली सबसे महत्वपूर्ण कड़ी भी बनेगा।
यह ब्रिज उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लिंक (USBRL) का हिस्सा है, जिसे भारतीय रेलवे द्वारा देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परियोजना माना गया है। उद्घाटन के साथ ही कश्मीर घाटी को पहली बार देश के बाकी हिस्सों से सीधे रेल मार्ग से जोड़ा जाएगा।
चिनाब ब्रिज: एक विश्व स्तरीय उपलब्धि
- चिनाब ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है, जिसकी ऊंचाई चिनाब नदी के तल से 359 मीटर है यानी एफिल टॉवर से भी ऊंचा।
- यह पुल भारत के कौशल, संकल्प और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
मोदी का ऐतिहासिक दौरा
प्रधानमंत्री मोदी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर आ रहे हैं। उद्घाटन के बाद वे ट्रेन से कटरा तक की यात्रा करेंगे और इस दौरान मार्ग में बने भारत के पहले केबल-स्टे ब्रिज अंजी खड्ड पुल का निरीक्षण करेंगे। वे रेलवे परियोजना से जुड़े इंजीनियरों और सेवानिवृत्त अधिकारियों से संवाद भी करेंगे।
41 हजार करोड़ की लागत से बनी कश्मीर रेल परियोजना
यह महत्वाकांक्षी परियोजना वर्ष 1997 में शुरू हुई थी, लेकिन भूवैज्ञानिक, स्थलाकृतिक और मौसम संबंधी चुनौतियों के चलते इसमें कई बार देरी हुई। अब 27 वर्षों के बाद यह सपना साकार हो रहा है। USBRL की कुल लंबाई 272 किलोमीटर है, जिसमें से 209 किलोमीटर का काम पहले ही चरणबद्ध तरीके से पूरा हो चुका है।
खंड | पूरा होने की तिथि |
---|---|
काजीगुंड–बारामूला (118 किमी) | अक्टूबर 2009 |
बनिहाल–काजीगुंड (18 किमी) | जून 2013 |
उधमपुर–कटरा (25 किमी) | जुलाई 2014 |
बनिहाल–संगलदान (48.1 किमी) | फरवरी 2024 |
आधुनिक सुरक्षा से लैस
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चिनाब ब्रिज सहित इस ट्रैक पर सुरंगों का जाल है और इसे 100% CCTV निगरानी प्रणाली से लैस किया गया है। अधिकारी बताते हैं, “इस पूरे रूट के हर इंच पर नजर रखी जा रही है, ताकि यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहें।”
वंदे भारत को मिलेगी हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी कटरा से उत्तरी कश्मीर के बारामूला तक वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी तरह, बारामूला से कटरा के लिए एक और नई ट्रेन सेवा की भी शुरुआत की जाएगी।
कटरा बना रहेगा मुख्य ट्रांजिट स्टेशन
फिलहाल, कश्मीर जाने वाले सभी यात्रियों को कटरा में उतरकर ट्रेन बदलनी होगी। कटरा, जहां माता वैष्णो देवी के तीर्थयात्रियों का प्रमुख आधार शिविर स्थित है, अब कश्मीर रेल यात्रियों के लिए भी ट्रांजिट हब बन जाएगा।
प्रधानमंत्री जनसभा को करेंगे संबोधित
उद्घाटन समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वे इस ऐतिहासिक परियोजना के दूरगामी प्रभावों और कश्मीर के विकास के लिए अपनी योजनाओं को साझा कर सकते हैं।