मुंबई की ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक रहा 150 साल पुराना कार्नेक ब्रिज अब इतिहास बन चुका है। इसके स्थान पर बने सिंदूर फ्लाईओवर का आज भव्य उद्घाटन महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। इस पुल के शुरू होने से दक्षिण मुंबई के पूर्व और पश्चिम हिस्सों के बीच यातायात व्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में बोलते हुए फडणवीस ने कहा, “कार्नेक एक अत्याचारी अंग्रेज राज्यपाल था। हमने इस गुलामी की पहचान को खत्म कर भारतीय भावना से जुड़ी पहचान दी है। सिंदूर भारतीयों के दिलों में बसता है और इसी ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में पुल का नामकरण किया गया है।”
तेजी से हुआ निर्माण, आज से खुलेगा ट्रैफिक
मुंबई के मस्जिद बंदर स्टेशन के पास बना यह नया फ्लाईओवर पी डिमेलो रोड को क्रॉफर्ड मार्केट, कालबादेवी और मोहम्मद अली रोड जैसे प्रमुख व्यावसायिक इलाकों से जोड़ता है। अगस्त 2022 में पुराने ब्रिज को सुरक्षा कारणों से ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद बीएमसी ने अतिरिक्त नगर आयुक्त अभिजीत बांगर के नेतृत्व में इस परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा किया।
मुख्य तथ्य:
- नया नाम: कार्नेक ब्रिज अब सिंदूर फ्लाईओवर
- स्थान: मस्जिद बंदर, दक्षिण मुंबई
- जोड़ता है: पूर्व और पश्चिम मुंबई के प्रमुख इलाके
- निर्माण एजेंसी: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC)
- ट्रैफिक शुरू: 10 जुलाई दोपहर 3 बजे से
फडणवीस ने बीएमसी और निर्माण एजेंसी की सराहना करते हुए कहा कि यह फ्लाईओवर मुंबईकरों को समर्पित है और यह आधुनिक मुंबई की दिशा में एक मजबूत कदम है।