उज्जैन। रक्षाबंधन और सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सपत्नीक उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और अच्छी वर्षा के लिए संकल्प लेकर पर्जन्य महा रुद्राभिषेक में हिस्सा लिया।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित घनश्याम तिवारी ने मंत्रोच्चार के बीच पर्जन्य पूजा की शुरुआत कराई। इस अनुष्ठान में 66 पुजारियों द्वारा 11 लघु रुद्र अभिषेक का पाठ किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रद्धा भाव से बाबा महाकाल का अभिषेक कर प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने भक्ति भाव के साथ अनुष्ठान में हिस्सा लिया। धार्मिक माहौल में गूंजते मंत्र और घंटियों की ध्वनि ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।