Manipur New CM Yumnam Khemchand Singh : नई दिल्ली/इम्फाल। मणिपुर में दो साल से ज्यादा समय से चली हिंसा के बाद राष्ट्रपति शासन का आज अंत हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता युमनाम खेमचंद सिंह को मणिपुर में विधायक दल का नेता चुना गया है और वे राज्य के नए मुख्यमंत्री बनेंगे।
बीजेपी विधायक दल की बैठक में खेमचंद सिंह को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। इस बैठक में नॉर्थ ईस्ट को-ऑर्डिनेटर संबित पात्रा, मणिपुर बीजेपी प्रभारी अजीत गोपछाड़े और ऑब्जर्वर तरुण चुघ विशेष रूप से मौजूद थे। अनुमान है कि जल्द ही खेमचंद सिंह राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे, और उनका कैबिनेट भी जल्द ही घोषित किया जाएगा।
राष्ट्रपति शासन और मणिपुर में अशांति
मणिपुर में 3 मई 2023 से जातीय हिंसा शुरू हुई थी, जो दो साल से अधिक समय तक जारी रही। इस दौरान 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 60,000 लोग विस्थापित हुए हैं। अशांति के कारण राज्य में लंबे समय तक झड़पें और तनाव का माहौल बना रहा।
इसके चलते 13 फरवरी 2025 को भारत के राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 356 के तहत मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया था। प्रारंभिक रूप से यह शासन छह महीने के लिए वैध था, जिसे बाद में 5 अगस्त 2025 को छह महीने और बढ़ाया गया।
युमनाम खेमचंद सिंह: मुख्यमंत्री बनने वाले नेता
युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के सिंगजामेई निर्वाचन क्षेत्र से आते हैं और उन्हें एक अनुभवी तथा प्रभावशाली नेता माना जाता है। वे मणिपुर विधानसभा के पूर्व स्पीकर रह चुके हैं और अपनी निष्पक्ष कार्यशैली के लिए लोकप्रिय हैं। इसके अलावा, खेमचंद सिंह ने मौजूदा सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायती राज जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का संचालन किया है।
