नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर की हालिया सफलता के उपलक्ष्य में देशव्यापी ‘तिरंगा यात्रा’ की शुरुआत की। दिल्ली के कर्तव्य पथ से आरंभ हुई इस यात्रा का समापन राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर हुआ, जहां हजारों की संख्या में नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और सामाजिक संगठनों ने शिरकत की।
दिल्ली में आयोजित प्रतीकात्मक मार्च का नेतृत्व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने किया। इस मार्च की शुरुआत एक 108 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के साथ की गई, जो देशभक्ति और एकता का प्रतीक बना।
भाजपा ने इस यात्रा को केवल एक राजनीतिक पहल नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय जन-आंदोलन का स्वरूप देने का लक्ष्य रखा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह यात्रा 23 मई तक देशभर में चलेगी, और विभिन्न राज्यों में पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रतिष्ठित जन-प्रतिनिधि इसका नेतृत्व करेंगे।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा में भाग लेते हुए कहा,
“हम यहां ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए सशस्त्र बलों को धन्यवाद देने आए हैं। यह न्याय और राष्ट्र रक्षा के लिए एक नया संकल्प है। आतंक और बातचीत साथ नहीं चल सकते — प्रधानमंत्री मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया है।”
इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 12 मई को पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ एक रणनीतिक बैठक की थी। इस बैठक में संबित पात्रा, विनोद तावड़े और तरुण चुघ को विभिन्न क्षेत्रों में अभियान के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई।
भाजपा का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सुरक्षा नीति को एक नई दिशा दी है और इस यात्रा के माध्यम से पार्टी पूरे देश में राष्ट्रवादी भावना को प्रोत्साहित करना चाहती है।