परीक्षा को उत्सव के रूप में मनाने की राष्ट्रीय पहल
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच तथा मानसिक एवं भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विगत 9 वर्षों से आयोजित किया जा रहा ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम आज एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुका है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के तनाव को कम कर, परीक्षा को एक सकारात्मक अनुभव और उत्सव के रूप में प्रस्तुत करना है।
‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का मुख्य कार्यक्रम 6 फरवरी 2026, गुरुवार को प्रातः 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों से सीधे संवाद कर परीक्षा, जीवन कौशल, समय प्रबंधन और तनाव से निपटने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
4.50 करोड़ से अधिक पंजीयन, बनाया नया रिकॉर्ड
वर्ष 2026 में ‘परीक्षा पे चर्चा’ ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों के कुल 4.50 करोड़ से अधिक पंजीयन दर्ज किए हैं। यह अभूतपूर्व सहभागिता कार्यक्रम की लोकप्रियता, विश्वसनीयता और इसके व्यापक सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती है।
देश-विदेश में होगा सीधा प्रसारण
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देश और विदेश में विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से किया जाएगा। इसमें यूट्यूब, फेसबुक लाइव, दूरदर्शन, पीएम ई-विद्या टीवी, रेडियो चैनल तथा प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म शामिल हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रेरणादायी संवाद से जुड़ सकें।
छत्तीसगढ़ में व्यापक तैयारियाँ
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सभी जिलों को निर्देश जारी किए गए हैं कि राज्य के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिले के सार्वजनिक एवं निजी स्थलों पर सामूहिक रूप से कार्यक्रम देखने की व्यवस्था तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। प्रचार हेतु आवश्यक वीडियो एवं पोस्टर के नमूने जिलों को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
पालकों के पंजीयन में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम
गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ राज्य ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। राज्य से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों द्वारा प्रश्न भेजे गए हैं। विशेष रूप से पालकों के पंजीयन के मामले में छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
यह उल्लेखनीय उपलब्धि ‘अंगना में शिक्षा कार्यक्रम’ के अंतर्गत राज्य स्रोत दल द्वारा माताओं के समूहों को सक्रिय करने के सकारात्मक प्रयासों का परिणाम है।
महासमुंद की छात्रा को मिला राष्ट्रीय मंच
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की छात्रा कुमारी सृष्टि साहू ने दिल्ली में आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से प्रत्यक्ष रूप से प्रश्न पूछने का अवसर प्राप्त किया। यह उपलब्धि राज्य के लिए गौरव का विषय है।
