Mukul Choudhary : कोलकाता। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज मुकुल चौधरी रातोंरात स्टार बन गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मात्र 27 गेंदों पर नाबाद 54 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर उन्होंने टीम को तीन विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। मैच के बाद मुकुल ने एमएस धोनी को अपना आदर्श बताते हुए भावुक खुलासा किया।
धोनी से प्रेरणा लेता हूं: मुकुल
जियोहॉटस्टार पर मुकुल चौधरी ने कहा, “मैं हमेशा एमएस धोनी को देखता हूं क्योंकि मैं भी एक फिनिशर हूं। मैं हमेशा उनसे प्रेरणा लेता हूं। उनका हेलीकॉप्टर शॉट बहुत आइकॉनिक है और मेरा पसंदीदा है। जिस तरह उन्होंने 2011 वर्ल्ड कप में भारत का नेतृत्व किया, वह सबको याद है। मैं उनके जैसा बनना चाहता हूं और मैच फिनिश करके अपनी टीम को जिताने में मदद करना चाहता हूं।”
पिता के त्याग का जिक्र
मुकुल ने अपने पिता के त्याग और संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मेरे पिता का सपना था कि मैं बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलूं। हम बहुत गरीब परिवार से हैं। आजकल क्रिकेट में बहुत पैसा और नाम है। क्रिकेट उनका पसंदीदा खेल है, लेकिन परिवार की हालत उन्हें खुद प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने नहीं देती थी। उन्होंने शादी से पहले ही मन बना लिया था कि जब उनका बेटा होगा तो उसे क्रिकेट खिलाना है।”
मुकुल ने बताया कि जब वे 12 साल के थे तब उनके पिता ने आरएएस की तैयारी छोड़ दी और कुछ प्रॉपर्टी का काम करके पैसे कमाए। उन्होंने कहा, “जब मैं 12 साल का हुआ, तो उन्होंने मुझे सीकर शहर में एसबीएस क्रिकेट एकेडमी में एडमिशन दिलाया।”
क्रिकेट जर्नी की शुरुआत
मुकुल चौधरी का जन्म 8 अगस्त 2004 को झुंझुनू में हुआ था। उन्होंने कहा, “2015 में मेरे जन्मदिन के दिन मैं और मेरे पापा सुबह एकेडमी ढूंढने निकले थे। हम चूरू, झुंझुनू और सीकर में एकेडमी ढूंढ रहे थे। सीकर में एसबीएस क्रिकेट एकेडमी अभी-अभी खुली थी। हमने उसे देखा और एडमिशन ले लिया। वह एक नई एकेडमी थी और वहां के लोग क्रिकेट के बहुत शौकीन थे।”

मुकुल चौधरी राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने IPL 2026 में डेब्यू किया है। उनकी इस पारी ने न सिर्फ लखनऊ को जीत दिलाई, बल्कि पूरे देश में उनकी जर्नी और पिता के त्याग की कहानी को भी चर्चा में ला दिया है।
