MI vs RCB WPL: मुंबई। महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के उद्घाटन मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को अंतिम गेंद पर मात देकर धमाकेदार जीत दर्ज की। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में दोनों टीमों ने दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया।
मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत धीमी रही। पावरप्ले में ही अमेलिया केर (4) का विकेट गिरा। हालांकि, सजीवन सजना ने 25 गेंदों में 45 रनों की आक्रामक पारी खेल टीम को संभाला। इसके साथ ही निकोला कैरी ने 29 गेंदों में 40 रन जोड़े और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 17 गेंदों में 20 रन बनाए। मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए।
RCB की गेंदबाजी और नादिन डी क्लर्क का जलवा
RCB की ओर से नादिन डी क्लर्क सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा श्रेयंका पाटिल और लॉरेन बेल ने भी अहम विकेट लिए।

रोमांचक रन चेज और अंतिम गेंद पर जीत
154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत स्मृति मंधाना (18) और ग्रेस हैरिस (25) ने शानदार की, दोनों ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और मैच अंतिम ओवर तक फंस गया। लेकिन नादिन डी क्लर्क की सूझबूझ भरी पारी ने मैच का रुख बदल दिया और RCB को अंतिम गेंद पर जीत दिलाई।
भव्य ओपनिंग सेरेमनी
मैच से पहले आयोजित उद्घाटन समारोह में मिस यूनिवर्स 2021 हरनाज संधु ने प्रेरक भाषण दिया। इसके अलावा यो यो हनी सिंह और जैकलीन फर्नांडिज की शानदार परफॉरमेंस ने स्टेडियम के माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।
