Iran Attacks US Oil Tankers: नई दिल्ली/इराक। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अब समुद्र में तेल टैंकरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इसी क्रम में इराक के पास समुद्र में एक तेल टैंकर पर हमला हुआ है, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। यह हमला अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर सेफसी विष्णु पर किया गया।
सूत्रों के अनुसार यह हमला 11 मार्च को एक आत्मघाती नाव के जरिए किया गया था। इस घटना में जहाज पर सवार एक भारतीय क्रू सदस्य की जान चली गई, जबकि अन्य 15 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
भारतीय दूतावास ने की पुष्टि
इराक की राजधानी बगदाद स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की है। दूतावास ने बताया कि हमले के बाद जहाज पर मौजूद बाकी भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि फारस की खाड़ी से दुनिया के बड़े हिस्से में तेल और गैस की आपूर्ति होती है।
तीन जहाजों का किया गया पीछा
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हमलावर स्पीड बोटों ने समुद्र में तीन जहाजों का पीछा किया था। इन जहाजों में अमेरिकी स्वामित्व वाला तेल टैंकर सेफसी विष्णु भी शामिल था। बताया जा रहा है कि यह हमला इराक के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में खोर अल जुबैर बंदरगाह के पास हुआ।
हमले के बाद जहाज में जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई। चालक दल के कई सदस्यों को तुरंत बचाव अभियान के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।
27 लोगों को बचाया गया
इराकी बंदरगाह प्राधिकरण के अनुसार, हादसे के बाद बचाव अभियान चलाकर कुल 27 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। सभी को इराक के बसरा शहर ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
हालांकि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे चालक दल के अन्य सदस्यों में भी शोक का माहौल है।
ईरान ने दी चेतावनी
इस हमले के बीच ईरान ने अमेरिका और इजरायल को चेतावनी दी है कि क्षेत्र में चल रहा संघर्ष लंबा खिंच सकता है। ईरान का कहना है कि अगर हालात नहीं सुधरे तो इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ सकता है।
खाड़ी देशों में बढ़ी चिंता
मध्य पूर्व के कई देशों में सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। बहरीन ने अपने नागरिकों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर घरों में रहने की अपील की है। रिपोर्टों के अनुसार कुछ स्थानों पर ऊर्जा और जल संयंत्रों को भी निशाना बनाया गया है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
