वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत से आयात होने वाले सामानों पर 50% टैरिफ (आयात शुल्क) लगाने वाले एक्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन कर दिए हैं। यह निर्णय भारत के रूस से तेल खरीदने की नीति को लेकर लिया गया है। अब से, भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले उत्पादों पर 25% अतिरिक्त आयात शुल्क लगाया जाएगा, जो पहले से लागू 25% ड्यूटी के अलावा होगा। नई टैरिफ व्यवस्था को लागू होने में 21 दिन का समय लगेगा।
किन सामानों पर लागू होगा नया टैक्स
यह नया टैरिफ भारत से आयातित सभी वस्तुओं पर लागू होगा, सिवाय उन वस्तुओं के जो पहले से ही सेक्टर-वाइज टैरिफ से कवर हैं, जैसे कि स्टील, एल्युमिनियम और दवाइयां। ट्रंप के आदेश में दो महत्वपूर्ण छूट भी दी गई हैं:
- जो सामान 12:01 am EDT से पहले जहाज में लोड होकर अमेरिका की ओर रवाना हो चुका है, उस पर नया टैरिफ लागू नहीं होगा।
- जो सामान 17 सितंबर 2025 की सुबह 12:01 से पहले अमेरिकी बाजार में खपत के लिए उतार दिया जाएगा, उस पर भी नया टैरिफ लागू नहीं होगा।
ट्रंप ने क्या कहा
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने आदेश में कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से नई जानकारियां प्राप्त हुई हैं, जिनमें रूस के यूक्रेन युद्ध में भूमिका भी शामिल है। इसके आधार पर उन्होंने यह निष्कर्ष निकाला कि रूस की नीतियां अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के लिए असामान्य और गंभीर खतरे का कारण बनी हुई हैं। ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि यदि भारत जैसे देश रूस से सस्ता तेल खरीदते हैं, तो यह अमेरिका की रणनीति को कमजोर कर देता है।