Syria Mosque Blast: होम्स। सीरिया के होम्स प्रांत में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के दौरान एक मस्जिद में हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। सरकारी समाचार एजेंसी सना के मुताबिक, यह विस्फोट होम्स शहर के वादी अल-दहब क्षेत्र में स्थित इमाम अली बिन अबी तालिब मस्जिद में हुआ। धमाके के वक्त मस्जिद में बड़ी संख्या में नमाज़ी मौजूद थे। इस हमले में कम से कम 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
धमाके के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में अफरातफरी का भयावह मंजर देखने को मिला। विस्फोट होते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई घायलों को स्ट्रेचर पर एम्बुलेंस तक ले जाया गया, जबकि कुछ को चादरों में लपेटकर बाहर निकाला गया। मस्जिद के अंदर मलबा बिखरा पड़ा था, धार्मिक किताबें और नमाज़ की दरियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह हमला आत्मघाती विस्फोट हो सकता है या फिर मस्जिद परिसर में पहले से विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। धमाका मस्जिद के मुख्य नमाज़ हॉल के एक कोने में हुआ, जिससे दीवार में गहरा गड्ढा बन गया। विस्फोट की तीव्रता से अंदर मौजूद अधिकांश सामान नष्ट हो गया।

घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और जांच शुरू कर दी है। बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटाने में लगी हुई हैं। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस हमले से सीरिया में सांप्रदायिक तनाव बढ़ सकता है। होम्स शहर में अलावाइट, सुन्नी मुस्लिम और ईसाई समुदायों की मिश्रित आबादी रहती है। जिस मस्जिद को निशाना बनाया गया है, उसे अलावाइट या नुसैरी समुदाय से जुड़ा बताया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में सीरिया में आतंकी संगठन ISIS की गतिविधियों में फिर से तेजी देखी गई है। कुछ समय पहले सीरियाई सेना ने अलेप्पो के पास अभियान चलाकर ISIS के तीन संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया था। वहीं, अमेरिका ने भी हाल ही में सीरिया में ISIS के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। ऐसे में होम्स में हुआ यह हमला देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
