ग्वाटेमाला। पश्चिमी ग्वाटेमाला के सोलोला (Sololá) इलाके में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे और खराब मौसम के बीच एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इंटर-अमेरिकन हाईवे पर हुआ हादसा
यह दुर्घटना इंटर-अमेरिकन राजमार्ग पर किलोमीटर 172 और 174 के बीच हुई। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
मृतकों में पुरुष, महिलाएं और एक बच्चा शामिल
स्थानीय दमकल विभाग के प्रवक्ता लिएंड्रो अमाडो ने बताया कि मृतकों में 11 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में खाई के भीतर दिखाई दे रही है, जहां बचावकर्मी कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दे रहे थे।
खराब मौसम बना हादसे की वजह
अधिकारियों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर घना कोहरा छा जाता है, जिससे सड़क पर चलना बेहद खतरनाक हो जाता है। खराब मौसम और कम दृश्यता को ही इस दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने इस मार्ग पर सफर करने वाले अन्य वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
Guatemala Accident : ग्वाटेमाला में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 15 की मौत, 19 घायल
Leave a Comment
