ऑस्ट्रिया के ग्राज़ शहर के BORG Dreierschützengasse स्कूल में मंगलवार को हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कम से कम नौ छात्र और एक वयस्क शिक्षक शामिल हैं। संदिग्ध शूटर ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
ग्राज़ की मेयर एल्के काहर (KPÖ) ने ऑस्ट्रियाई प्रेस एजेंसी को बताया कि हमले में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। ब्रिटेन स्थित इंडिपेंडेंट ने ऑस्ट्रियाई सरकारी मीडिया ORF के हवाले से बताया कि संदिग्ध, जो कथित तौर पर एक छात्र था, वॉशरूम में मृत पाया गया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल लंबित है।
पुलिस के अनुसार, सुबह 10 बजे के आसपास स्कूल के अंदर गोलियों की आवाज सुनने के बाद शहर में एक बड़ा पुलिस अभियान चलाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों में छात्र और शिक्षक शामिल हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गोलीबारी के बाद घटनास्थल पर भारी पुलिस बल देखा गया।
क्रोन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी के वक्त कई छात्र कक्षाओं में छिपे हुए थे। एक शिक्षिका के पति ने बताया कि उनकी पत्नी ने कक्षा के भीतर कई गोलियों की आवाज सुनी।
भागने वाले छात्रों के माता-पिता को अपने बच्चों से मिलने की अनुमति दी गई। घायलों को अस्पताल में इलाज जारी है। यह घटना 20 जून 2015 की ग्राज़ गोलीबारी की दसवीं वर्षगांठ से ठीक पहले हुई है, जिसमें तीन लोग मारे गए थे।
पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। घटना के बाद पूरे ऑस्ट्रिया में स्कूल सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।