LPG ATM : गुरुग्राम। घरेलू गैस की आपूर्ति में हो रही देरी और लंबी लाइनों से परेशान लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। हरियाणा के गुरुग्राम में देश का पहला LPG ATM शुरू हो गया है। सेक्टर-33 के सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में स्थापित इस ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन से अब उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर कुछ ही मिनटों में भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा 24 घंटे खुली रहती है, जिससे गैस एजेंसियों के समय पर निर्भरता खत्म हो गई है।
LPG ATM कैसे काम करता है?
रिपोर्ट के अनुसार, यह मशीन बेहद सरल और उपयोगकर्ता-अनुकूल है। ग्राहक को अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है, OTP से वेरिफिकेशन के बाद QR कोड स्कैन कर UPI या डेबिट कार्ड से पेमेंट करना होता है। पेमेंट होते ही मशीन कुछ ही मिनटों में नया सिलेंडर जारी कर देती है। इस प्रक्रिया में कोई लंबा इंतजार या कागजी कार्रवाई नहीं करनी पड़ती। मशीन में एक बार में करीब 10 सिलेंडर स्टॉक रखे जा सकते हैं। स्टॉक दो सिलेंडर रहने पर सिस्टम खुद ही गैस एजेंसी को सूचना भेज देता है, जिससे मशीन में गैस खत्म होने की समस्या नहीं होती।
LPG ATM : नए कॉम्पोजिट सिलेंडर: हल्के और पारदर्शी
इस LPG ATM में पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों के बजाय नए कॉम्पोजिट सिलेंडर उपलब्ध हैं। ये सिलेंडर करीब 15 किलो के होते हैं (सामान्य सिलेंडर 30 किलो का होता है), जिससे महिलाओं और बुजुर्गों के लिए उठाना आसान है। सबसे खास बात यह है कि ये सिलेंडर पारदर्शी हैं, जिससे अंदर बची गैस का स्तर आसानी से देखा जा सकता है। इससे गैस खत्म होने से पहले ही पता चल जाता है।
LPG ATM : गैस संकट में राहत, पायलट प्रोजेक्ट की सफलता पर निर्भर
देश में LPG की उपलब्धता पर हाल के वैश्विक तनाव और आयात में रुकावट का असर पड़ा है। कई इलाकों में सिलेंडर बुक करने के बाद भी हफ्तों इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में यह LPG ATM एक क्रांतिकारी कदम है। फिलहाल यह पायलट प्रोजेक्ट है, लेकिन यदि सफल रहा तो अन्य शहरों में भी इसे लागू किया जा सकता है। इससे गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और उपभोक्ता-अनुकूल हो सकती है।
