नई दिल्ली में आज भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन (आईएसएमआर) का तीसरा दौर होगा, जिसमें दोनों देशों के बीच तकनीक, कनेक्टिविटी, कौशल विकास और डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में करीब 10 समझौतों को अंतिम रूप देने की तैयारी है। बैठक में भारत से सिंगापुर तक सौर ऊर्जा और डेटा कनेक्टिविटी के लिए समुद्र के नीचे केबल बिछाने, ग्रीन अमोनिया व ग्रीन हाइड्रोजन निर्यात पर भी चर्चा होगी।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव सिंगापुर के छह मंत्रियों के साथ वार्ता करेंगे। यह बैठक सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की अगले महीने संभावित भारत यात्रा की तैयारियों का हिस्सा है। दोनों पक्ष सालाना 1 लाख भारतीयों को कौशल विकास प्रशिक्षण देने और सिंगापुर की कंपनियों के निवेश को बढ़ाने पर भी काम कर रहे हैं।
