India LPG Shortage: नई दिल्ली। ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच रसोई गैस की कमी से जूझ रहे भारत को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। ईरान ने भारत को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते दो एलपीजी टैंकर भेजने की अनुमति दे दी है। इस फैसले से देश में एलपीजी की आपूर्ति में सुधार की उम्मीद बढ़ गई है।
ईरान ने भारत को मित्र देश का दर्जा दिया
आज सुबह भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने संकेत दिया कि भारत के जहाजों के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित गुजरने का रास्ता मिलेगा। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “भारत हमारा मित्र है, इसी कारण जल्द ही भारतीय जहाज इस मार्ग से सुरक्षित गुजरते देखे जाएंगे। आप इसे दो-तीन घंटे के भीतर देख सकते हैं।”
क्षेत्रीय सहयोग और रणनीतिक हित
राजदूत फतहाली ने कहा कि भारत और ईरान के बीच क्षेत्रीय स्तर पर कई साझा हित हैं। दोनों देशों के लंबे समय से सहयोग और भरोसे के कारण ईरान ने मौजूदा कठिन परिस्थितियों में भी भारत के लिए सकारात्मक रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि भारत ने कठिन समय में ईरान की मदद की है और दोनों देशों के बीच सहयोग की भावना हमेशा बनी रही है।
युद्ध के बावजूद मजबूत संबंध
फतहाली ने कहा, “मैं ईरान के राजदूत के रूप में यह कह सकता हूँ कि युद्ध के बाद की स्थिति में भारत ने कई क्षेत्रों में हमारी सहायता की। इस सहयोग और भरोसे के चलते ही भारत के लिए यह रणनीतिक समुद्री मार्ग खुला रखा गया है।”
इस निर्णय से भारत में एलपीजी की कमी को तत्काल राहत मिलने की संभावना है, जबकि दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को भी मजबूती मिलेगी।
