IND vs ZIM : चेन्नई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। चेन्नई के चेपॉक मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए और जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 257 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
टॉस जीतकर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का अपना और टूर्नामेंट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर दर्ज किया। यह स्कोर टी20 विश्व कप 2026 का भी सबसे बड़ा स्कोर साबित हुआ।
भारतीय बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन
अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर 55 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। ईशान किशन ने 24 गेंदों पर 38 रन और संजू सैमसन ने 15 गेंदों में 24 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तेज खेल दिखाते हुए 13 गेंदों पर 33 रन जोड़े।
अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों पर 50 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 16 गेंदों पर 44 रन बनाकर स्कोर को 256 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
सुपर-8 में सेमीफाइनल की दौड़
सुपर-8 चरण में भारत पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार चुका है, इसलिए सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे अपने बाकी दोनों मैच जीतने जरूरी हैं। वहीं जिम्बाब्वे भी अपने पहले सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज से हार चुका है।
भारत-जिम्बाब्वे हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 13 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 10 मैच जीते हैं जबकि जिम्बाब्वे को 3 जीत मिली हैं। हालांकि 2024 में जिम्बाब्वे ने अपने घर पर भारत को हराया था, लेकिन अब टीम इंडिया काफी बदलाव के साथ मजबूत नजर आ रही है।
T20 World Cup के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली टॉप-5 टीमें
1. श्रीलंका (2007 विश्व कप) 260/6 बनाम केन्या
2. भारत (2026 विश्व कप) 256/4 बनाम जिम्बाब्वे
3. वेस्टइंडीज (2026 विश्व कप) 254/6 बनाम जिम्बाब्वे
4. आयरलैंड (2026 विश्व कप) 235/5 बनाम ओमान
5. इंग्लैंड (2016 टी-20 विश्व कप) 230/8 बनाम साउथ अफ्रीका
