नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर Hardik Pandya ने अपने बेटे अगस्त्य को एक खास और महंगा तोहफा दिया है। भले ही उनका और Natasa Stankovic का तलाक हो चुका हो, लेकिन दोनों अपने बेटे की को-पैरेंटिंग कर रहे हैं। अगस्त्य फिलहाल अपनी मां के साथ रहते हैं, फिर भी हार्दिक का बेटे के प्रति प्यार कम नहीं हुआ है। इसका ताजा उदाहरण तब देखने को मिला जब उन्होंने बेटे को करोड़ों की लग्जरी एसयूवी गिफ्ट की।
लैंड रोवर डिफेंडर की डिलीवरी की तस्वीर वायरल
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें अगस्त्य और नताशा एक नई Land Rover Defender की डिलीवरी लेते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में एक वेलकम नोट भी दिखाई दे रहा है, जिस पर साफ लिखा है — “पापा टू अगस्त्या”।
यह खास तोहफा उस उम्र में मिला है, जब बच्चे आमतौर पर खिलौनों से खेलते हैं। ऐसे में करोड़ों की एसयूवी गिफ्ट करना चर्चा का विषय बन गया है।
कितनी है कार की कीमत?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हार्दिक ने डिफेंडर का कौन-सा मॉडल खरीदा है। हालांकि लैंड रोवर डिफेंडर की ऑन-रोड कीमत करीब 1 करोड़ रुपये से लेकर 4 करोड़ रुपये तक जाती है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह टॉप-एंड मॉडल है, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पहले से भी है डिफेंडर कार
हार्दिक पांड्या के पास पहले से ही डिफेंडर कार मौजूद है। बताया जा रहा है कि इस बार भी उन्होंने उसी शोरूम से कार खरीदी है, जहां से पहले भी यह ब्रांड खरीदा था।
मुंबई के नवनीत मोटर्स ने आधिकारिक रूप से जानकारी साझा की है कि अगस्त्य पांड्या और नताशा स्टैनकोविक को यह कार मुंबई में सौंपी गई।
पिता का खास अंदाज
तलाक के बाद भी हार्दिक पांड्या अपने बेटे के साथ खास रिश्ता निभा रहे हैं। करोड़ों की यह एसयूवी उनके बेटे के लिए एक यादगार और खास उपहार के रूप में देखी जा रही है।
