मुंबई। बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर कपल कटरीना कैफ और विकी कौशल जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। लंबे समय से चल रही प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर आज विराम लग गया, जब कपल ने सोशल मीडिया पर एक प्यारी सी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर कर गुड न्यूज की घोषणा कर दी। तस्वीर में विकी कटरीना के बेबी बंप को प्यार से सहारा देते नजर आ रहे हैं, जबकि कटरीना व्हाइट गाउन में मुस्कुराती हुई दिख रही हैं। कैप्शन में लिखा है, “हमारी जिंदगी के बेस्ट चैप्टर को खुशी के साथ शुरू करने जा रहे हैं…”।
यह अनाउंसमेंट आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण और कियारा आडवाणी के बाद बॉलीवुड की एक और लीडिंग लेडी की मॉम-टू-बी जर्नी का हिस्सा बन गया है। तस्वीर शेयर होते ही फैन्स और सेलेब्स की बधाइयों की बौछार शुरू हो गई। वरुण धवन ने कमेंट में लिखा, “माय हार्ट इज फुल” के साथ रेड हार्ट इमोजी शेयर किए। अन्य फैन्स ने लिखा, “कॉन्ग्रैटुलेशंस ViKat, जूनियर विकी जल्द आ रहा है!”।

अफवाहों से हकीकत तक का सफर
कटरीना की प्रेग्नेंसी को लेकर अफवाहें लंबे समय से चल रही थीं। अगस्त में एक वायरल पोस्ट में “2025 में हम तीन हो जाएंगे” लिखा था, जो फैन-मेड था लेकिन सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। जनवरी में न्यू ईयर पर पोल्का-डॉट ड्रेस पहनकर कटरीना की तस्वीर वायरल हुई, जिसे ‘प्रेग्नेंसी ड्रेस’ करार दिया गया। सितंबर में आर्यन खान की वेब सीरीज ‘बैड बॉयज ऑफ बॉलीवुड’ के प्रीमियर में विकी अकेले पहुंचे, जिसने कयासों को हवा दी। एक सोर्स ने NDTV को बताया कि बेबी अक्टूबर या नवंबर में आने वाला है, और कटरीना लॉन्ग मैटरनिटी लीव लेने वाली हैं।

शादी से मॉम-टू-बी तक
विकी और कटरीना ने 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान के सिक्स सेंसेस फोर्ट, बरवाड़ा में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी। केवल परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में हुई इस शादी ने फैंस को सरप्राइज दिया था। अवॉर्ड फंक्शन में विकी ने मजाक में कहा था, “एक अच्छा सा विकी ढूंढकर शादी कर लो।” शादी के चार साल बाद यह गुड न्यूज कपल के लिए सबसे खूबसूरत गिफ्ट साबित हो रही है।
फिलहाल, कटरीना लाइमलाइट से दूर हैं, जबकि विकी ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। फैन्स इस खुशखबरी पर बधाई देते नहीं थक रहे।
