Grammy Awards 2026 : मुंबई। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित म्यूजिक अवॉर्ड्स में शुमार ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 इस बार ग्लैमर, इमोशन और रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धियों का शानदार संगम बनकर सामने आए। संगीत प्रेमियों के लिए यह शाम कई मायनों में खास रही। समारोह की मेजबानी एक बार फिर कॉमेडियन ट्रेवर नोआ ने की, जिन्होंने अपने मजाकिया अंदाज़ से पूरे इवेंट को जीवंत बनाए रखा।
चार साल बाद जस्टिन बीबर का धमाकेदार कमबैक
ग्रैमी 2026 की सबसे बड़ी चर्चा रही जस्टिन बीबर की चार साल बाद स्टेज पर वापसी। जैसे ही बीबर मंच पर उतरे, दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। शर्टलेस लुक में उनकी एनर्जेटिक परफॉर्मेंस ने न सिर्फ हॉल बल्कि सोशल मीडिया पर भी तहलका मचा दिया। लंबे वक्त बाद बीबर को लाइव परफॉर्म करते देख फैंस भावुक नजर आए।

बिली एलिश ने फिर साबित की अपनी बादशाहत
अवॉर्ड्स की दौड़ में बिली एलिश ने एक बार फिर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया। उनके गाने ‘वाइल्डफ्लॉवर’ को सॉन्ग ऑफ द ईयर चुना गया। यह उनके करियर का 10वां ग्रैमी अवॉर्ड रहा, जिसने उन्हें मौजूदा दौर की सबसे प्रभावशाली कलाकारों में शामिल कर दिया।

दलाई लामा को पहला ग्रैमी
इस साल ग्रैमी मंच पर एक ऐतिहासिक क्षण भी देखने को मिला। 14वें दलाई लामा को उनके एल्बम ‘स्पोकन वर्ड मेडिटेशंस: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के लिए पहला ग्रैमी अवॉर्ड दिया गया, जिसे दर्शकों ने खड़े होकर सराहा।

बैड बनी का भावुक संदेश
समारोह में बैड बनी का भाषण भी खासा चर्चा में रहा। ग्रैमी जीतने के बाद उन्होंने कहा, “हम जानवर या एलियन नहीं, हम इंसान हैं और अमेरिकन हैं। नफरत से ज्यादा ताकतवर सिर्फ प्यार है।” उनके इस संदेश पर पूरे हॉल में तालियों की गूंज सुनाई दी।
लेडी गागा ने जीता 15वां ग्रैमी
वहीं, लेडी गागा ने एल्बम ‘मायहम’ के लिए बेस्ट पॉप वोकल एल्बम का अवॉर्ड जीतकर अपना 15वां ग्रैमी अपने नाम किया और इतिहास रच दिया। रेड कारपेट पर भी गागा का अंदाज़ फैंस को खूब पसंद आया।

यादगार बना ग्रैमी 2026
ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 शानदार परफॉर्मेंस, रिकॉर्ड तोड़ जीत और भावनाओं से भरे पलों के साथ संगीत इतिहास का एक यादगार अध्याय बन गया।
