मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस और मशहूर डांसर नोरा फतेही एक सड़क हादसे का शिकार हो गईं। बताया जा रहा है कि वह डेविड गुएटा के शो के सिलसिले में सनबर्न फेस्टिवल जा रही थीं, तभी कथित तौर पर नशे में धुत एक ड्राइवर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद नोरा को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एहतियातन उनका सीटी स्कैन कराया।
CT स्कैन में नहीं निकली गंभीर चोट
डॉक्टरों की जांच में नोरा फतेही को किसी तरह की इंटरनल ब्लीडिंग या गंभीर दिमागी चोट नहीं पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई है और उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।
मुंबई पुलिस ने की पुष्टि
मुंबई पुलिस के अनुसार, नशे की हालत में वाहन चला रहे एक व्यक्ति ने नोरा फतेही की गाड़ी को टक्कर मारी। हालांकि इस हादसे में एक्ट्रेस को कोई गंभीर चोट नहीं आई। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ नशे में गाड़ी चलाने और लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।

हादसे के बावजूद कार्यक्रम में शामिल होने का फैसला
डॉक्टरों की सलाह के बावजूद नोरा फतेही ने तय कार्यक्रम में शामिल होने का निर्णय लिया है। हालांकि, उन्हें कुछ समय तक सावधानी बरतने और आराम करने की हिदायत दी गई है।
नोरा फतेही का हेल्थ अपडेट
हादसे की खबर सामने आते ही फैंस चिंता में पड़ गए थे, लेकिन बाद में नोरा ने खुद इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपना हेल्थ अपडेट साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा,
“हैलो, मैं आप सभी को बताना चाहती हूं कि मैं ठीक हूं। आज मेरा एक गंभीर कार एक्सीडेंट हुआ। शराब के नशे में एक शख्स ने मेरी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर काफी जोरदार थी और मेरा सिर कार के दरवाजे से जा टकराया। लेकिन मैं सुरक्षित हूं। मुझे सिर्फ हल्की चोट और थोड़ी सूजन है।”
नोरा ने आगे कहा, “मैं बहुत आभारी हूं। यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था। यही वजह है कि किसी को भी शराब के नशे में गाड़ी नहीं चलानी चाहिए। मुझे शराब से नफरत है।”
फैंस ने ली राहत की सांस
नोरा के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही उनके फैंस ने राहत की सांस ली और सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने की कामना की।
