नई दिल्ली। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और फर्स्ट लेडी अपने भारत दौरे के तहत AI इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले उन्होंने मुंबई में जिस होटल में ठहराव किया था, वहां के स्टाफ से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया।
फ्रांस का प्रथम दंपति मंगलवार को भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचा था। मुंबई एयरपोर्ट पर उनका स्वागत महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया।
रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने राष्ट्रपति मैक्रों के स्वागत को द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा का संकेत बताया।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। दोनों नेता ‘ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’ की भी शुरुआत करेंगे। माना जा रहा है कि इस पहल से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
भारत मंडपम में होगा ग्लोबल AI समिट
मुंबई में कार्यक्रमों के बाद फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंच रहा है, जहां 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 आयोजित किया जा रहा है। यह ग्लोबल साउथ में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक AI सम्मेलन बताया जा रहा है।
पांच दिवसीय इस समिट की थीम तीन प्रमुख स्तंभों—‘लोग’, ‘ग्रह’ और ‘तरक्की’—पर आधारित है। सम्मेलन में AI के जिम्मेदार उपयोग, सतत विकास और तकनीकी नवाचार को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौरा भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में तेजी का संकेत है, जिसमें रक्षा, जलवायु परिवर्तन, डिजिटल परिवर्तन और अत्याधुनिक तकनीकों में सहयोग को और विस्तार मिल सकता है।
