होस्टल में रहने वाले छात्र हों या घरों में रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए लोग, आजकल इलेक्ट्रिक कैटल का प्रयोग तेजी से बढ़ गया है। चाय, कॉफी, नूडल्स या गर्म पानी के लिए यह एक बेहद उपयोगी उपकरण है। हालांकि कई बार इलेक्ट्रिक कैटल अचानक काम करना बंद कर देती है। लाइट जलती रहती है, लेकिन पानी गर्म नहीं होता, जिससे लोग इसे खराब समझ लेते हैं।
अगर आपकी इलेक्ट्रिक कैटल भी अचानक बंद हो गई है, तो नया खरीदने से पहले इन आसान उपायों को जरूर आजमाएं।
प्लग और वायर की जांच करें
अगर कैटल अचानक बंद हो जाए, तो सबसे पहले उसका प्लग चेक करें। कई बार प्लग ढीला होने की वजह से बिजली की सप्लाई रुक जाती है। प्लग को 2-3 बार निकालकर ठीक से लगाएं। ध्यान रखें कि ढीले प्लग में कैटल चलाना खतरनाक भी हो सकता है, क्योंकि इससे स्पार्किंग का खतरा रहता है।
स्विच बोर्ड चेक करें
संभव है कि जिस स्विच बोर्ड में कैटल लगी हो, उसी में खराबी हो। बोर्ड के अंदर वायर ढीली होने पर बिजली सही से नहीं पहुंचती और कैटल अपने आप बंद हो जाती है। ऐसे में कैटल को किसी दूसरे बोर्ड में लगाकर देखें।
एक्सटेंशन बोर्ड की करें जांच
कई घरों और किचन में सीधे स्विच बोर्ड न होने की वजह से लोग एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल करते हैं। अगर एक्सटेंशन बोर्ड खराब है, तो कैटल तक बिजली नहीं पहुंच पाएगी। ऐसे में एक्सटेंशन हटाकर सीधे दीवार वाले बोर्ड में लगाकर चेक करें।
पानी ओवरहीट तो नहीं हुआ?
इलेक्ट्रिक कैटल में सेफ्टी फीचर होता है। जब पानी तय सीमा से ज्यादा गर्म हो जाता है, तो कैटल अपने आप बंद हो जाती है। ऐसे में कुछ देर इंतजार करें, पानी बदलें और फिर दोबारा कैटल चालू करें। कई बार ऐसा करने से समस्या अपने आप दूर हो जाती है।
बेस प्लेट की सफाई जरूरी
अगर कैटल बेस प्लेट पर सही तरीके से नहीं रखी गई है या प्लेट पर गंदगी जमी है, तो कनेक्शन ठीक से नहीं बन पाता और कैटल काम नहीं करती। स्विच बंद कर बेस प्लेट को साफ करें और फिर कैटल को ठीक से सेट करके चालू करें।
ध्यान रखें ये बातें
- खाली कैटल कभी चालू न करें
- ओवरफ्लो से बचें
- समय-समय पर सफाई करें
- हमेशा सही वोल्टेज वाले सॉकेट का उपयोग करें
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप अपनी इलेक्ट्रिक कैटल की उम्र बढ़ा सकते हैं और बार-बार आने वाली समस्या से बच सकते हैं।
